सागर। देवी के मंदिर पर झंडा चढ़ाकर लौट रहे भक्तों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली शुक्रवार शाम घाटी पर पलट गई। इस दुर्घटना में ट्राली में बैठे ग्रामीण उसके नीचे दब गए, जिससे तीन बच्चों की मौत हो गई, वहीं 33 अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में से चार महिलाएं गंभीर हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए सागर ले जाया गया, जहां छह गंभीर घायलों को रात में ही भोपाल रैफर कर दिया गया। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर का ड्राइवर भाग निकला।
सागर जिला अस्पताल चौकी प्रभारी एसएन गिरि से प्राप्त जानकारी के अनुसार लहटवास निवासी रामेश्वर पटेल ने अपने ढाई वर्षीय बेटे के मुंडन का कार्यक्रम शुक्रवार को जलंधर स्थित ज्वाला देवी के दरबार में रखा था। इसमें हिरनछिपा, लहटवास, मूढ़रा और बागची गांवों के उनके रिश्तेदात भी आए थे। कार्यक्रम के बाद जब सभी लोग ट्रैक्टर-ट्राली से लहटवास लौट रहे थे, ढलान पर ड्राइवर ने ट्रैक्टर न्यूट्रल कर दिया। ब्रेक न लगने के कारण ट्राली सहित ट्रैक्टर एक पुलिया पर पलट गया। इस दुर्घटना में माधव पटेल की पांच वर्षीय बेटी जानकी की घटना स्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चों रामेश्वर पटेल के डेढ़ वर्षीय बेटे तथा रामलाल पटेल के 13 वर्षीय बेटे अभिषेक ने सागर जिला अस्पताल में दम तोड़ा।
हादसे में 33 अन्य लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाओं और बच्चों की संख्या ज्यादा है। सुरखी विधायक पारुल साहू ने बताया कि मुख्यमंत्री की ओर से उनके ओएसडी ने मृतकों को दो-दो लाख और गंभीर घायलों को 25-25 हजार रुपये सहायता राशि दिए जाने की घोषणा की है। इधर, कलेक्टर विकास नरवाल ने इस हादसे के बाद जिले में ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य लोडिंग वाहनों से यात्री परिवहन पर रोक के आदेश जारी किए हैं।