बक्सर। बिहार में बक्सर केंद्रीय जेल से शनिवार तड़के उम्रकैद की सजा काट रहे चार कैदियों सहित पांच दोषी दीवार फांदकर फरार हो गए। फरार कैदियों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि बक्सर स्थित केन्द्रीय कारागार के अस्पताल की खिड़की जो जर्जर स्थिति में थी, उसे तोड़कर पांच कैदी फरार हो गए। फरार कैदियों में सोनू पांडेय, उपेन्द्र शाह, देवधारी राय, प्रदीप सिंह और सोनू सिंह शामिल हैं। सभी फरार कैदी जेल के अस्पताल में इलाज के लिए कुछ दिनों से भर्ती थे।
सोनू भोजपुर जिले के आरा, उपेन्द्र सारण जिले के छपरा, देवधारी राय और प्रदीप सिंह पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी के जबकि सोनू सिंह भोजपुर जिले के ब्रम्हपुर का निवासी है। फरार पांचों कैदी सजायाफ्ता हैं। इस बाबत जब जिलाधिकारी रमन कुमार से सम्पर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि कैदियों के जेल से फरार होने की घटना रात 12 बजे से तीन बजे के बीच हुई। उन्होंने कहा कि जहां से दीवार फांदकर कैदी फरार हुए, वहां से लोहे की छड़, पाइप और धोती मिली है।उन्होंने बताया कि फरार अपराधियों को 10 साल की कैद की सजा मिली हुई थी। जिलाधिकारी रमण कुमार ने बताया कि घटना की जांच करने के बाद घटना को लेकर लापरवाह जेल अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने माना कि सुरक्षा में सेंध लगी है और कहा कि घने कोहरे की वजह से दोषियों को फरार होने में मदद मिली होगी।