लखनऊ। नोटंबदी के मुद्दे को लेकर सोमवार को कांग्रेस पार्टी का आक्रोश दिवस फ्लाप शो साबित हुआ। आम जनता के साथ-साथ लखनऊ के व्यापारियों के बन्द में शामिल न होने से कांग्रेस अलग-थलग पड़ गयी है। वहीं इसके विरोध में कांग्रेस द्वारा हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा से शहीद स्मारक तक विरोध मार्च निकाला लेकिन अपेक्षा के मुताबिक संख्या कम होने के कारण प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजबब्बर मार्च में शामिल नहीं हुए।
राजबब्बर के न पहुँचने पर राष्ट्रीय सचिव अविनाश पाण्डेय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मार्च निकाला। लखनऊ के व्यापारियों ने भारतबंद से अपने को अलग करते हुए आज दो घण्टे अधिक समय तक दुकान खोलने को कहा है। व्यापारियों के इस निर्णय से कांग्रेस असमंजस में है। इसलिए कांग्रेस अपने पहले से तय कार्यक्रमों की महज खानापूर्ति कर रही है। लखनऊ में मार्च में कांग्रेस विधायक अखिलेश प्रताप सिंह, लखनऊ शहर अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव त्यागी ,मारूफ खान, यूथ कांग्रेस के अभिषेक पटेल समेत तमाम लोग शामिल हैं।